अपने जीवन के सूनेपन को भरने के लिए वृंदावन में रह कर प्रभु भक्ति कर रहीं विधवा और निराश्रित महिलाओं ने बुधवार को भी होली के रंग में सराबोर होकर आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद का अनुभव किया।
ढोल, मृदंग के बीच नृत्य कर फूल और गुलाल की होली खेलतीं इन महिलाओं की आंखों से छलकती खुशी को कैद करने के लिए विदेशी मीडिया का भी जमावड़ा रहा।
पुराना पागल बाबा स्थित मीरा सहभागिनी महिला आश्रय सदन में बुधवार होली महोत्सव में परंपरागत रूप से नृत्य और गायन समारोह का भी आयोजन किया गया।
इसमें सदन में रह रहीं विधवा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर और गुलाल लगाकर होली के रंग में सराबोर कर दिया। सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वरी पाठक ने कहा कि संस्था की ओर से यह धार्मिक आयोजन महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से किया गया।