मथुरा। बरसाना स्थित पेट्रोेल पंप पर बुधवार की देर शाम बाइक सवारों द्वारा मारपीट, छीनाझपटी और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। आक्रोशित पेट्रोल-डीजल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को एसपी सिटी से मुलाकात की।
बरसाना कस्बा में बजाज फिलिंग स्टेशन पर बाइक सवार कृपाल ठाकुर निवासी थाने वाली गली पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति सिगरेट पी रहा था, जिसे सुरक्षा कीदृष्टि से पेट्रोल पंप कर्मी धर्मेंद्र सिंह निवासी कौंथरा गोवर्धन ने टोकते हुए कहा कि या तो सिगरेट बुझा दें नहीं तो दूर हो जाएं। इसी बात से क्षुब्ध होकर बाइक सवार आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने पेट्रोलपंप कर्मी से मशीन का नोजल छीन लिया और मारपीट की। छीनाझपटी में कृपाल ने धनेंद्र से बिक्री के रुपये भी छीन लिए। इससे पंप पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
दोनों आरोपी पंप कर्मी को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पंप मालिक अजय खंडेलवाल ने एसएसपी के फोन पर पीआरओ को दी लेकिन आरोपियों के विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। एसोसिएशन ने कृपाल को शातिर अपराधी बताते हुए उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बरसाना पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश सिंह राजपूत, विनीत कपूर, पंकज शर्मा, कपिल जग्गी, अजेंद्र सिंह, प्रदीप शर्मा, हर्षवर्धन मौजूद रहे।