मथुरा। प्रतिबद्ध 75 जनपद -75 घंटे -750 निकाय अभियान के अंतर्गत मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने बृहस्पतिवार को कूडे़ की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों को स्वच्छ स्थानों में बदल दिया। विकास बाजार से शुरू किए गए अभियान के दौरान महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, नगर आयुक्त अनुनय झा और पार्षद राजेश सिंह पिंटू की मौजूदगी रही।
अभियान के अंतर्गत चयनित मथुरा-वृंदावन के २५ स्थलों को स्वच्छ स्थल बनाने के लिए नगर निगम ने प्रशासनिक अधिकारी एवं विभागाध्यक्षों की तैनाती करते हुए विशेष सफाई कराते हुए चूने छिड़काव कराया। बीएसए कॉलेज के छात्रों द्वारा स्वच्छता एवं जीवीपी मुक्त के दृष्टिगत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विकास बाजार में नगर आयुक्त अनुनय झा ने कहा कि इस स्थल पर फूड वेंडिंग जोन स्थापित किया जाएगा।
विकास मार्केट में पूर्व से रेहड़ी, ढकेल लगाने वाले व्यक्तियों को फूड वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया जाएगा। यहां कार पार्किंग करने वाले तथा टैक्सी संचालक से जुबली पार्क स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग में वाहनों को पार्क करने का आग्रह किया। उन्होंने रेहड़ी, ढकेल व्यवसायी से फूड वेंडिंग जोन की स्थापना होने के बाद गंदगी न करने का भी आग्रह किया। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम डलाबघर वाले 24 चयनित स्थलों का सौंदर्यीकरण कराएगा। दीवार पर वॉलपेंटिंग एवं स्थल की मरम्मत करायी जाएगी। पार्षद राजेश सिंह पिंटू ने इस कार्य के लिए महापौर और नगर आयुक्त के प्रयास की सराहना की।