कोसीकलां/मथुरा। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर बुधवार को एक ऑल्टो कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में घुस गई, जिससे कार सवार एलआईसी के विकास अधिकारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एलआईसी में विकास अधिकारी फरीदाबाद निवासी विष्णुदत्त शर्मा (59) साथी मुकेश कौशिक और दशरथ सिंह के साथ मंगलवार सायं ऑल्टो कार से गोवर्धन की परिक्रमा करने के बाद बुधवार फरीदाबाद जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही उनकी कार राजमार्ग पर पशुपति फैक्टरी के समीप पहुंची, तभी आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। जिससे कार में सवार विष्णुदत्त शर्मा फंस गए, मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार से निकाला तब तक उनकी मौत हो गई। उनके दोनों साथी घायल हो गए। घायलों को एशियन अस्पताल भिजवा दिया, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।