मथुरा। देहात क्षेत्र में रविवार को आई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। शाम को लोग सड़कों, पार्कों और छतों पर निकल आए।
नंदगांव में रिमझिम बरसात ने क्षेत्र का मौसम खुशनुमा बना दिया। वहीं लठामार होली चौक पर लगने वाली साप्ताहिक हाट में बारिश से अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने सामान को ढकने और समेटने की कोशिश की, जबकि खरीदार छाता और तिरपाल लेकर बचाव करते दिखे।
छाता क्षेत्र में रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहे, शाम बारिश ने नगर व क्षेत्र में जलभराव कर दिया। कस्बे के ओल्ड जीटी रोड स्थित डाक बंगला पर आयोजित अहिल्याबाई होल्कर जयंती कार्यक्रम के दौरान आई आंधी-बारिश ने कार्यक्रम के तंबू उड़ा दिए। बारिश बाद होने के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ।
वहीं टैंटीगांव में बारिश व आंधी के चलते मूंग की फसल में हो रहे नुकसान को देख किसान परेशान हैं। किसान सत्यप्रकाश लवानियां, जितेंद्र लवानियां, मंगलदेव, बिंदो बघेल, हरीशंकर, राजू, गयाप्रसाद आदि का कहना है कि आंधी व बारिश से मूंग की फसल में आ रहा फूल झड़ जाता है।
मौसम साफ होने पर दवा का छिड़काव करते हैं, तभी फूल बनकर तैयार होता है। ईंट भट्ठा मालिक ठाकुर ओमवीर सिंह, संजय रावत, देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार का कहना है कि बारिश से भट्ठा कारोबार प्रभावित हो रहा है। संवाद