मथुरा। वार्ड-54 में दो साल पहले पानी की टंकी गिरने के बाद उत्पन्न हुई पेयजल संकट की समस्या का जल्द समाधान होगा। संभव दिवस में स्थानीय लोगों की शिकायत सुनने के बाद नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मंगलवार को क्षेत्र का निरीक्षण कर क्षेत्रीय पार्षद व जलकल विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने स्थित पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने और नई पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए हैं।
महोली रोड स्थित बजरंग चौराहे पहुंचे नगर आयुक्त को स्थानीय पार्षद ठाकुर तेजवीर सिंह और क्षेत्रवासियों ने वार्ड के विभिन्न हिस्सों में कई दिनों से बाधित पेयजल आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि जुलाई 2024 में टंकी गिरने के बाद आधे वार्ड में जलापूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा को पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराने, आवश्यकतानुसार जलापूर्ति पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने और नई पाइपलाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने अधीनस्थों से कहा कि जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान अवर अभियंता (जल) प्रतिभा ओझा व स्थानीय निवासी शिवचरण, मोनू उपाध्याय, आशा चौधरी, निरंजन पटेल समेत अन्य मौजूद रहे।