- खतरे के निशान से अब 30 सेमी ऊपर बह रही है यमुना
- शनिवार शाम चार बजे 166.30 मीटर दर्ज किया गया
- शुक्रवार को जिले में 30 एमएम बारिश का पानी यमुना में पहुंचने से बढ़ा जलस्तर
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा था, लेकिन शनिवार शाम तक इसमें बीते 24 घंटे के मुकाबले 14 सेमी की वृद्धि हो गई। शुक्रवार शाम चार बजे जलस्तर 166.16 मीटर था, जो शनिवार को 166.30 मीटर तक पहुंच गया। ऐसे में यमुना खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। उधर, निचले इलाकों और यमुना खादर में बसे लोगों की चिंता कम नहीं हो रही है। बारिश के माहौल में यमुना में पानी का बढ़ना उनके लिए खतरे का सबब है। इधर, ओखला बैराज और ताजेवाला से भी मथुरा की ओर पानी का छोड़ा जाना बरकरार है।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए खादर इलाके की काॅलोनियों के लोग एक बार फिर से अपने घरों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लग गए हैं। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी लोगों का सुरक्षित स्थानों की ओर जाना जारी रहा। उधर, प्रशासन ने बाढ़ राहत शिविर बंद कर दिए हैं। इसके चलते लोग अपने रिश्तेदारों के यहां जाने को मजबूर है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को मथुरा-वृंदावन में हुई तेज बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ा है। खादर क्षेत्र की काॅलोनियों में बाढ़ का पानी कम हो रहा था, लेकिन बारिश होने से फिर भर गया है। कई मकान ढहने की स्थिति में आ गए हैं।
शनिवार को इस प्रकार हर दो घंटे में बढ़ा यमुना का जलस्तर
सुबह 6 बजे 166.24 मीटर
सुबह 10 बजे 166.26 मीटर
दोपहर 12 बजे 166.26 मीटर
दोपहर 2 बजे 166.29 मीटर
शाम 4 बजे 166.30 मीटर