मथुरा। शहर के कई हिस्सों में मंगलवार दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। इससे बीएसए कॉलेज के पास ही कई काॅलोनियों में भारी जलभराव हो गया। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। कंकाली मार्ग पर पानी भरने के कारण वाहनों को डायवर्ट किया गया। भूतेश्वर अंडरपास पर हुए जलभराव की समस्या को देखने के लिए खुद नगर आयुक्त शशांक चौधरी को बारिश के दौरान छाता लेकर सड़क पर उतरना पड़ा।
बारिश से शहर के भूतेश्वर अंडरपास पर तीन से चार फीट पानी भर गया। इसके कारण यहां से वाहनों का आवागमन बंद हो गया। इधर, भूतेश्वर से लेकर कंकाली रोड, बीएसए कॉलेज रोड, चंद्रपुरी, आगरा-दिल्ली हाईवे के बाईपास, उद्योग एरिया, महोली रोड आदि इलाकों में भी जलभराव हो गया। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि बारिश से होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान की तलाश में वे खुद मौके पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं। हालांकि पिछले सालों की अपेक्षा इस बार शहर में कम जलभराव हो रहा है। कोशिश यह है कि शहर को जलभराव की समस्या से जल्द से जल्द मुक्ति दिलाई जाए।