मथुरा। अखिल भारतीय समता फाउंडेशन द्वारा मंगलवार दोपहर सौंख रोड तिराहा पर सांसद हेमामालिनी का पुतला फूंका। समाजवादी पार्टी महानगर पिछड़ा वर्ग महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी, फाउंडेशन के लोकेश कुमार राही आदि इसमें शामिल रहे। इस मामले में चौकी प्रभारी कृष्ण नगर विक्रांत तोमर ने शहर कोतवाली में लोकेश कुमार राही और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रमेश सैनी और लोकेश राही ने बताया कि कृष्ण विहार कॉलोनी में हुए टंकी हादसा में मारे गए लोगों एवं घायलों का हाल-चाल नहीं पूछने व क्षतिग्रस्त मकानों में रह रहे परिवारों को सांसद निधि से राहत नहीं दिए जाने से नाराज होकर सांसद हेमा मालिनी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर नारेबाजी की गई। इस दौरान भाकियू टिकैत महानगर अध्यक्ष सलीम खान ने सांसद की उदासीनता पर दुख प्रकट करते हुए कहा सांसद ने गैर जिम्मेदार अमानवीय व्यवहार अपना रखा है। बसपा नेता पूर्व कार्यालय प्रभारी चित्रसेन मौर्य ने सांसद हेमा मालिनी से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दिए जाने की मांग की। इधर, इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि प्रकरण में चौकी प्रभारी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।