फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: आपको संत प्रेमानंंद से मिलना है... दर्शन के नाम पर फंसा रहे सेवक वेश में घूम रहे ठग

विज्ञापन
विज्ञापन
वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों की बढ़ती संख्या का फायदा उठाकर मथुरा और वृंदावन में ठगों का गिरोह सक्रिय हो गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले भोले-भाले अनुयायियों को संत से मुलाकात कराने, टोकन दिलाने, होटल में कमरा देने और आश्रम तक पहुंचाने का झांसा देकर उनसे हजारों रुपये ऐंठे जा रहे हैं। ठगी के ऐसे मामले सामने आने के बाद श्रीराधे हित केलिकुंज आश्रम प्रबंधन आश्रम प्रबंधन ने सतर्क रहने की अपील जारी की है। वहीं, पुलिस ने भी ठगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन


ठगी का यह खेल मथुरा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गोवर्धन चौराहा और छटीकरा से शुरू होता है। दलाल खुद को आश्रम का सेवक या गाइड बताकर अनुयायियों को अपने जाल में फंसाते हैं। उधर, गोवर्धन चौराहे पर पुल के नीचे खड़े लोग बाहरी लोगों को चिह्नित कर छटीकरा चौराहे पर मौजूद अपने साथियों को सूचना देते हैं। छटीकरा पर रूम-रूम चिल्लाने वाले युवक संत से मिलवाने का झांसा देकर लोगों से पहले होटल में कमरा दिलाने के बहाने बातें करते हैं। इसके बाद वह संत प्रेमानंद से मिलवाने की बात कहकर उन्हें अपने जाल में फंसा लेते हैं। इसके अलावा आश्रम के आसपास स्थित एक चाय व पान की दुकानों पर भी युवक भी संत प्रेमानंद से मिलवाने का झांसा देते हैं।



केस 1: दर्शन का नंबर लगवाने के नाम पर 5 हजार की ठगी

गुरुग्राम निवासी सुरेंद्र सिंह संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। छटीकरा चौराहे पर मिले एक युवक ने उन्हें आश्रम के पास होटल दिलाने और संत से मुलाकात का टोकन दिलवाने का भरोसा दिया। युवक उन्हें रुक्मिणी विहार के एक होटल में ले गया और नंबर लगवाने के नाम पर पांच हजार रुपये लेकर चंपत हो गया।
विज्ञापन


केस 2: ऑटो चालक ने आश्रम पहुंचाने के नाम पर वसूले 2500 रुपये

गुजरात से अपनी पत्नी और बच्चे के साथ आए लाखन को एक ऑटो चालक ने होटल दिलाया और सुबह आश्रम ले जाने का किराया तीन हजार रुपये बताया। काफी मिन्नत के बाद सौदा 2500 रुपये में तय हुआ। अगले दिन सुबह ऑटो चालक उन्हें यमुना विहार कुंज ले गया। इसके बाद उनसे प्रेमानंद महाराज के अभी न मिलने की बात कहकर वहां से ऑटो लेकर भाग गया।



आश्रम प्रबंधन की एडवाइजरी : दर्शन पूरी तरह निशुल्क

ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए संत प्रेमानंद महाराज के श्रीराधे हित केलिकुंज आश्रम प्रबंधन ने सोशल मीडिया के माध्यम से एडवाइजरी जारी की है। सोशल मीडिया पर जारी एडवाइजरी में लिखा है कि महाराज से मुलाकात, दर्शन के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता। लोगों को सलाह दी गई है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को रुपये न दें। अधिकृत माध्यम से ही कमरा व वाहन बुक करें और केवल आश्रम की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

पुलिस की कार्रवाई

सड़कों पर फर्जी तरीके से श्रद्धालुओं को भ्रमित करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। हाल ही में ऐसे दो दर्जन से अधिक लोगों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और ठगी की आशंका होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। - श्लोक कुमार, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें