चौमुहां। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर फॉर्म में मैपिंग से छूटे मतदाताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है। ऐसे मतदाता जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है, उन्हें प्रशासन जल्द ही नोटिस जारी करेगा। इसके लिए छाता तहसील में चार केंद्र बनाए गए हैं। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी छाता, वैभव गुप्ता ने चौमुहां ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि छाता तहसील क्षेत्र के अंतर्गत जिन मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया अधूरी है, उन्हें नोटिस देकर नागरिकता का साक्ष्य मांगा जाएगा। बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस तामील कराएंगे। मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को सौंपकर नवीन वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। इस कदम का उद्देश्य मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाना है।
प्रशासन ने इस जटिल प्रक्रिया को सुलभ बनाने के लिए तहसील क्षेत्र में चार प्रमुख केंद्र चिह्नित किए हैं। इनमें चौमुहां ब्लॉक, कोसीकलां, नंदगांव ब्लॉक और छाता तहसील को केंद्र बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नोटिस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समयबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाए।