दिल्ली के ध्यानार्थ
=================
फेरे से पहले दुल्हन का शादी से इन्कार
- यह देख दूल्हे के छोटे भाई ने भी विवाह से किया मना
- पंचायत में परिवार की दूसरी लड़की से फेरे लेने की रजामंदी पर बनी बात
- दो बहनाें की बरात आई थी दिल्ली से
संवाद न्यूज एजेंसी
राया(मथुरा)। शादी के लिए वर-वधू खोजे भले ही धरती पर खोजे हैं लेकिन जोड़ियां ऊपर से बनकर आती हैं। यह कहावत बृहस्पतिवार रात को थाना राया के गांव बिसाबली में चरित्रार्थ हो गई।
गांव में दो बहनों की बरात दिल्ली से आई। तय वक्त पर चढ़त हुई। बरातियों का स्वागत हुआ। जयमाला का कार्यक्रम भी धूमधाम से हुआ। जब फेरे का वक्त आया तो बड़ी बहन ने शादी ने इन्कार कर दिया। कहा, ...दूल्हा विवेक पसंद नहीं, शादी नहीं करूंगी। देखते ही देखते कुछ वक्त बाद छोटे भाई रजत ने दुल्हन की छोटी बहन से शादी करने से मना कर दिया। दोनों के मना करते ही खुशियों का माहौल चिंता में बदल गया।
घरवालों के प्रयास काम न आए तो पंचायत बैठी। लंबी चली मनुहार के बाद भी बड़ी बहन शादी के लिए नहीं मानी। थक हार कर तय हुआ कि परिवार की दूसरी लड़की से विवेक की शादी कराई जाए। दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद फेरों की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसके बाद ही छोटा दूल्हा माना। यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।