मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वृंदावन के ठा. श्रीबांके बिहारी जी मंदिर में भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
प्रशासन का मंदिर प्रबंधन को निर्देश है कि वीआईपी दर्शन को कोई भी पर्ची न काटी जाए। मंदिर परिसर के अंदर तथा बाहर चबूतरों पर चंदन, टीका आदि लगाने की कोई भी व्यवस्था न हो। अनधिकृत व्यक्ति की उपस्थित नहीं होगी। बीते साल हुए हादसे को देखते हुए श्रद्धालुओं से प्रशासन ने अपील की है कि परिसर में रुकें नहीं बल्कि श्रीबांके बिहारी के दर्शन लाभ पाएं तो मंदिर से बाहर निकलते जाएं।
प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था के अनुसार मंदिर परिसर के अंदर गेट नंबर 2 से प्रवेश करने वाले श्रद्धालु दर्शन कर गेट एक से निकलेंगे। गेट नंबर 3 से आने वाले श्रद्धालु दर्शन उपरांत गेट नंबर 4 से निकलेंगे। गेट नंबर 5 से आने वाले श्रद्धालु दर्शन कर गेट नंबर 4 से निकलेंगे।
प्रवेश गेट नंबर 2, 3 एवं 5 पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहेगी, जिससे अंदर आने वाली भीड़ को आवश्यकतानुसार समय-समय पर रोका जा सके। इसी प्रकार निकास गेट नंबर 1 एवं 4 पर भी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहेगी, जिससे वह बाहर जाने वाली भीड़ को नियंत्रित कर सके।