villagers proetes at police chowki in case of employ dead
- फोटो : MATHURA
फरह (मथुरा)। फरह के गांव ओल में संदिग्ध हालात में एक कारीगर की मौत हो गई। इससे भड़के ग्रामीणों ने ओल चौकी का घेराव कर तीन घंटे तक हंगामा किया। वे स्पेलर के मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। साथ ही उन्होंने मालिक और उसके बेटे को गिरफ्तार करने की भी मांग की। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी।
थाना फरह के गांव धर्मपुरा निवासी रामनरेश उर्फ नरेश(24) पुत्र दामोदर ओल में इब्राहिम के स्पेलर पर कारीगर था। बताया गया कि रविवार दोपहर दो बजे संदिग्ध हालात में घायल हुए कारीगर को स्पेलर मालिक भरतपुर अस्पताल ले गया था। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद यहां से स्पेलर मालिक भाग खड़ा हुआ। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि मामले में समझौता कराने के लिए ओल के प्रधान मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उनसे परिजनों की नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इस पर गुस्साए प्रधान ने ओल से अपने दबंग साथियों को बुलाकर मृतक के संग आए लोगों की जमकर पिटाई कर दी। इनमें पांच ग्रामीण घायल बताए जा रहे हैं। घटना से गुस्साए धर्मपुरा के ग्रामीणों ने कारीगर का शव रखकर ओल चौकी का घेराव कर दिया। तीन घंटे तक हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाने के लिए फरह पुलिस और एएसपी-सीओ रिफाइनरी अंकुर अग्रवाल भी पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
बाद में मृतक की पत्नी बबली की तहरीर पर स्पेलर मालिक इब्राहिम और बेटे बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।