मोदी लहर ने इस बार प्रत्याशियों की जीत का अंतर भी आसमान पर पहुंचा दिया। मथुरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी ने रिकॉर्ड 40 प्रतिशत वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। ये वो आंकड़ा है जो पिछले चुनाव में जीतने वाले प्रत्याशी को मिले कुल वोटों का भी नहीं था। सबसे कम अंतर मांट में रहा।
प्रत्याशियों को मिले वोटों के प्रतिशत का आकलन करें तो मथुरा में भाजपा के श्रीकांत शर्मा को 56.92 प्रतिशत वोट मिले हैं जो दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के मुकाबले 40.25 प्रतिशत अधिक हैं। 2012 में जीतने वाले प्रदीप माथुर और प्रतिद्वंद्वी डा. देवेंद्र शर्मा के बीच जीत का अंतर मामूली था।
छाता में भाजपा प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मीनारायण को 51.83 प्रतिशत वोट मिले हैं। उनके और निर्दलीय (सपा समर्थित) अतुल सिसौदिया के बीच जीत का अंतर 28.2 प्रतिशत का रहा है। पिछले चुनावों में ठाकुर तेजपाल सिंह और चौधरी लक्ष्मीनारायण के बीच जीत का अंतर सिर्फ 6.4 प्रतिशत था।
गोवर्धन में भाजपा प्रत्याशी कारिंदा सिंह को 45 फीसदी वोट मिले। यहां दूसरे स्थान पर रहे बसपा के राजकुमार रावत को 29.12 प्रतिशत वोट मिले है। यहां जीत का अंतर 15.88 प्रतिशत रहा। 2012 में विधायक राजकुमार रावत और मेघश्याम के बीच जीत का अंतर 11.72 प्रतिशत था।
बलदेव में भाजपा के पूरन प्रकाश को 38.20 प्रतिशत वोट मिले। यहां रालोद के निरंजन सिंह धनगर ने 32.49 प्रतिशत वोट लिए। यहां जीत का अंतर 5.71 प्रतिशत रहा। पिछले चुनाव में विधायक पूरन प्रकाश और चंद्रभान सिंह के बीच जीत का अंतर 16.79 प्रतिशत था।
मांट में बसपा के पंडित श्यामसुंदर शर्मा ने 31.44 प्रतिशत वोट हासिल किए। यहां दूसरे नंबर पर रहे योगेश नौहवार को 31.23 प्रतिशत वोट मिले हैं। ऐसे में यहां जीत का अंतर सबसे कम 0.21 प्रतिशत का रहा।