फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छुआछूत मुक्त भारत बनाएगी विहिप

Sat, 27 Feb 2016 08:32 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला वृंदावन
विज्ञापन
विज्ञापन
विश्व हिंदू परिषद छुआछूत मुक्त भारत बनाने के लिए अभियान चलाएगी। तीन सूत्रीय ये अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा। देव दर्शन कार्यक्रम के तहत मंदिर में सभी को दर्शन, हिंदू परिवार मित्र के तहत हर गांव में एक कुएं के पानी का उपयोग, एकसाथ भोजन आयोजन के माध्यम से ऐसा होगा।
विज्ञापन


विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने शनिवार को कृष्ण कृपा धाम में पत्रकारों से वार्ता के दौरान इस बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एक जगह अंतिम संस्कार की नीति और गोत्र सम्मेलन के आयोजनों के माध्यम से सभी जातियों को परस्पर जोड़कर हिंदू समाज को एकता और अखंडता के सूत्र में बांधने का कार्य होगा। इसी के साथ भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। तोगड़िया ने कहा कि अफजल गुरु गद्दार था और गद्दार का समर्थन करने वाले भी गद्दार हैं। उनके विरुद्ध भी राजद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कश्मीर से शुरू हुई देश विरोधी गतिविधियाें का वायरस आज पूरे देश में फैलता जा रहा है। जेएनयू कांड उसका एक हिस्सा है। हमें सबसे पहले कश्मीर में व्याप्त देश विरोधी रोग का समूल नाश करना होगा। 
विज्ञापन


हरियाणा में जाट आरक्षण के मुद्दे पर विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को सबसे पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए लेकिन सरकारें इसमें अभी तक विफल रही हैं। इस कारण देश में आरक्षण की बात होती है।

उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण ही भारत में गरीब और गरीब होता चला गया। वहीं मुट्ठीभर लोग अमीर होते चले गए। यदि सरकारों ने अपना रवैया नहीं बदला तो वर्तमान में उठी तरंगें एक दिन सुनामी में परिवर्तित हो जाएंगी और सत्ता में बैठे लोग इस सुनामी में बह जाएंगे।

इस दौरान अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा भी उठा। प्रवीण तोगड़िया का कहना था कि मंदिर निर्माण का रास्ता वार्ता नहीं बल्कि कानून है। सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर ही कानून बनाकर राम मंदिर का निर्माण हो सकता है। केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बिना भी लोकसभा और राज्यसभा का संयुक्त सत्र बुलाकर राम मंदिर निर्माण के लिए कानून बना सकती है। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वचन के पक्के हैं और वह राम मंदिर निर्माण का वचन पूरा करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें