मथुरा। कोसीकलां में टूटा पड़ा बिजली का खंभा। संवाद
- फोटो : mathura
कोसीकलां (मथुरा)। बुधवार की दोपहर ईदगाह रोड पर किसी वाहन ने एक खंभे में टक्कर मार दी, जिससे 2 बजे भंग हुई बिजली शाम 8 बजे तक पूरी तरह से सुचारू नहीं हो सकी। इससे भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
किसी वाहन चालक ने 11 हजार केवीए के खंभे में टक्कर मार दी जिससे टाउन फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। इसे सही करने के लिए कर्मी वहां पहुंच गए और वाहन को खोजने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। लाइन सही करने के लिए दोपहर में दो बजे आर-1 फीडर की आपूर्ति बंद कर दी गई। जिससे चार बजे आपूर्ति शुरू हुई। शाम को करीब 7 बजे नंदगांव रोड बिजलीघर पर 10 एमबीए परिवर्तक के तारों में स्पार्किंग होने के कारण आपूर्ति भंग हो गई। वहीं सरायशाही एवं पुराने बिजलीघर परिसर में लगे ट्रांसफाॅर्मर के फेस उड़ गए, जिससे आपूर्ति भंग रही।
हरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि बिजली कब आएगी कब जाएगी कोई नहीं जानता है। अशोक चौधरी ने बताया कि बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं मिल पा रही है। एसडीओ शरद प्रताप ने बताया कि खंभा बदलवाकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई।