प्रदेश में हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में जिला रहा तीसरे नंबर पर
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में जिले का प्रदेश में तीसरा स्थान रहा। इंटर में मथुरा जिले को 65वां स्थान मिला है। इंटरमीडिएट में जिले में टॉप पोजीशन पर दो बेटियां शीतल और भारती रहीं। हाईस्कूल में साहिल गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
बता दें कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में 65961 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 56441 विद्यार्थी ही परीक्षाओं में सम्मिलित हुए, इनमें से 53383 उत्तीर्ण रहे। इस तरह जिले का हाईस्कूल की परीक्षा में सफलता का प्रतिशत 94.41 रहा और इसे प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
वहीं इंटरमीडिएट में पंजीकृत 59442 विद्यार्थी में से 58511 ने परीक्षाएं दीं। इनमें से 48738 ही उत्तीर्ण हो पाए। जिसके चलते इंटर में उत्तीर्ण प्रतिशत 83.30 पर सिमट गया और जिले को 65वें स्थान से संतोष करना पड़ा।
इधर एसएस दास बाबा इंटर कालेज गुहेता सातबिसा कोसीकलां की छात्रा शीतल रावत और चौधरी चरण सिंह ब्रज खंड बठैनकलां कोसीकलां की छात्रा भारती ने इंटरमीडिएट में 500 में 480 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर रहे सेवन कौशिक, भावना सोलंकी और गायत्री के 479 अंक हैं। शिवम कुमार 478 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
हाईस्कूल में सांवलिया सिंह इंटर कालेज सल्ल बाजना के छात्र साहिल गुप्ता ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंडियन इंटर कालेज राया की सपना सिंह 93 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय रहीं। शीलचंद कैलाशीदेवी सरस्वती विद्या मंदिर बलदेव के अंकित राजपूत और सांवलिया सिंह इंटर कालेज के सुंदर तिवारी ने 92.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया है।