कोसीकलां। नगर में शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे खुदाई के कारण बिजली का अंडरग्राउंड केबल कट गया। इससे आधे नगर (करीब 24 कॉलोनियों) की बिजली की आपूर्ति 5 घंटे तक बाधित रही।
नगर में आए दिन अघोषित बिजली कटौती के कारण उपभोक्ताओं में पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ रोष बना हुआ है। कभी फाल्ट तो कभी मरम्मत के नाम पर बिजली काटी जाती है तो कभी लाइन में ब्रेकडाउन हो जाता है। शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे कोसी-गोवर्धन मार्ग के चौडीकरण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी बीच 33 केवीए बिजलीघर के समीप अंडर ग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण दो दर्जन कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। अफसरों के अनुसार, केबल कटने से गोपालबाग और आर-1 फीडर बंद रहे।
खासी मशक्कत के बाद शाम को 7 बजे चालू हो सकी। बिजली गुल होने के कारण उपभोक्ताओं को गर्मी के साथ ही पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। वहीं आंधी के कारण शाम करीब साढ़े छह आंधी के बाद पूरे नगर की गुल हो गई। बृहस्पतिवार रात पुराने बिजलीघर पर फेस जल जाने से ढाई घंटे आर-1 फीडर की बिजली बंद रही थी।
एक्सईएन कार्यालय पर धरना देकर दिया ज्ञापन
कोसीकलां। नगर में चल रही विद्युत अव्यवस्था को लेकर आक्रोशित लोगो ने एक्सईएन कार्यालय पर धरना देकर ज्ञापन दिया। जिसमें 3 दिन में व्यवस्था सुचारू न होने पर आंदोलन किए जाने की बात कही। पूर्व चेयरमैन नरेंद्र गुर्जर, किसान नेता दीपक चौधरी आदि शुक्रवार को सुबह एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इन लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी के मौसम में नगरवासी बिना बिजली के परेशान हैं। नगर में जर्जर तार, पोल ट्रांसफार्मर आदि के चलते पूरी रात बिजली गुल रहना आम बात हो गई है। अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है, केवल आश्वासन देने में जुटे है। व्हाट्सअप ग्रुप पर कोई जानकारी नहीं मिल रही कि बिजली कब आएगी, कब जाएगी। आक्रोशित लोगों ने एक्सईएन दिनेश यादुवेंद्र, एसडीओ सर्वज्ञ श्रीवास्तव को ज्ञापन देकर तीन में सुधार किए जाने ही मांग की। वहीं अधिकारियों ने जल्द समस्या का निदान कराने का आश्वासन दिया।
फाल्ट के चलते नही चल पा रहे नलकूप
कोसीकलां। बिजली समस्या को लेकर चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री ललित अग्रवाल एडवोकेट ने आदि लोगों ने शुक्रवार को निरीक्षण करने पहुंचे एसई प्रभाकर पांडेय से वार्ता की। चेयरमैन ने बताया कि बिजली अव्यवस्था के चलते पेयजल संकट बना हुआ है। इस कारण नलकूप नहीं चल पा रहे। सबसे बड़ी समस्या जंफर, फेस उड़ने की है। लाइनमैनों का कोई अता-पता नही लग पाता कि कौन सही ड्यूटी पर है। इससे पूरे दिन नलकूप बंद रहते हैं। उन्होंने लाइनमैनों को फीडर पर तैैनात करने के साथ चार्ट उपलब्ध कराने को कहा। चेयरमैन ने बताया कि जेई कई-कई दिनों तक नदारद रहते हैं। ललित अग्रवाल ने विभाग द्वारा कराए जा रहे मरम्मत के काम को गर्मी के मौसम में रोकने, फाल्ट की जवाबदेही तय करने, खारा कुआं, अग्रसेन नगर आदि के बंच कार्य को जल्द पूरा कराएं जाने की मांग की। एसई ने सभी की बात सुनकर आश्वासन की घुट्टी पिलाकर निकल गए। चेयरमैन ने बताया कि अगर जल्द समाधान नही हुआ तो ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर कार्रवाई करने को कहेगें। जिलाध्यक्ष धर्मवीर शर्मा, संजय बठैनिया, राहुल शर्मा, महेशपाल, पवन अग्रवाल आदि थे।