मथुरा। गाेवर्धन पर्वत पर गंदगी देख स्थानीय लोगों ने जतीपुरा स्थित गिरिराजजी मंदिर का गेट बंद कर पूजा अर्चना बंद करा दी। पास में बैठकर डीएम, तहसीलदार और नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने समझाकर मंदिर खुलवाया और पूजा शुरू कराई। आक्रोशित लोगों का आरोप है कि कई बार लिखित में शिकायत देने के बावजूद प्रशासन लापरवाह बना हुआ है।
गोवर्धन पर्वत पर गंदगी से आक्रोशित दो दर्जन लोग शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जतीपुरा के गिरिराजजी मंदिर पहुंच गए। श्रद्धालुओं को पूजा से रोकते हुए बल्ली लगाकर मंदिर का दरवाजा बंद कर दिया। पास में बैठकर नारेबाजी करने लगे। लोगों का आरोप है कि आन्यौर और जतीपुरा में लोग गिरिराजजी की शिलाओं पर गोबर के ऊपले थापते हैं। उपलों में चिपककर शिलाओं के कण चूल्हे की आग तक पहुंच रहे हैं। इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
गिरिराजजी की शिलाओं के पास लोग गंदगी डाल देते हैं। कई बार नगर पंचायत और डीएम कार्यालय में शिकायत दे चुके हैं, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। आक्रोशित लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। मंदिर रिसीवर व नायब तहसीलदार अवनीश कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्र मौके पर पहुंचे और सफाई कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।