ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के जिले में ‘उजाला’ योजना पहले ही दिन धड़ाम हो गई। पांच बिजलीघरों पर उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर पंखे और एलईडी का वितरण होना था लेकिन उपकरण पहुंचे ही नहीं। जबकि लोग सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। इस पर हंगामा भी हुआ।
प्रदेश सरकार की ओर से उजाला योजना के तहत 60 रुपये में नौ वाट का एलईडी बल्ब, 1150 में 50 वाट वाला पंखा और 230 रुपये में 20 वाट की एलईडी ट्यूबलाइट दी जा रही है। मथुरा में वितरण के लिए कैंट बिजलीघर, कृष्णानगर बिजलीघर, राधिका बिहार, वृंदावन में रंग जी का बगीचा और गोवर्धन में बिजलीघर तय किए गए थे। 14 से बिक्री शुरू होनी थी लिहाजा सुबह से ही बिजलीघरों पर लोगों की भीड़ लग गई। लेकिन किसी भी बिजलीघर पर समय से उपकरण नहीं पहुंचे। गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। अफसरों पर भी आरोप लगाए गए।
लोगों का कहना था कि जब समय तय किया था तो तय वक्त में उपकरण की उपलब्धता भी होनी चाहिए थी। अफसरों ने बताया कि ट्रकों से उपकरण मथुरा आ रहे थे। ट्रकों में खराबी आ जाने के कारण वितरण नहीं हो पाया है। कुछ जगह तो सप्लायर ने किसी तरह गाड़ियों की व्यवस्था करके माल भिजवा दिया जबकि बाकी जगह नहीं पहुंचा।
वृंदावन में ढाई बजे माल पहुंचा, गोवर्धन में शाम पांच बजे माल पहुंचा, वहीं कृष्णानगर और राधिका बिहार में अपराह्न तीन बजे माल पहुंच सका। एसई प्रथम प्रदीप मित्तल और एसई ग्रामीण आरपीएस तोमर ने बताया कि बिजली उपकरण 17 अप्रैल तक बांटे जाएंगे। जिन लोगों को एलईडी, पंखे नहीं मिल सके हैं उनक ो फोन कर बुलाया जा रहा है।
हेमा ने किया सस्ती एलईडी बांटने का शुभारंभ
उजाला योजना के तहत बंटने वाली सस्ती एलईडी, पंखा और ट़्यूबलाइट बांटे जाने के कार्यक्रम का सांसद हेमामालिनी ने कैंट स्थित बिजलीघर पर शुभारंभ किया। दोपहर दो बजे अचानक बिजलीघर पहुंची हेमा ने आठ लोगों को एलईडी बांटी।