Mathura News: पुलिस मुठभेड़ में 20 हजार के इनामी दो बदमाश गोली लगने से घायल
- फोटो : अमर उजाला
तीर्थनगरी मथुरा में बीती रात करीब दो बजे पुलिस की की 20-20 हजार रुपये के इनामी बदमाशों से जयसिंहपुरा के जंगलों में मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से चलीं गोलियों में दो बदमाश घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाशों के कब्जे से चोरी की एक मोटर साइकिल, पायल, फोन, तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं।
थाना गोविंद नगर पुलिस को सोमवार की रात गश्त के दौरान सूचना मिली की कई थानों में लूट के मामलों में वांछित चल रहे 20-20 हजार रुपये इनामी दो बदमाश जयसिंहपुरा के जंगल में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगने से वह घायल होकर मौके पर ही गिर गए।
यह भी पढ़ेंः- मैनपुरी: घर में बिछी थीं लाशें, रिश्तेदारों ने पार कर दिए दुल्हन के जेवर; समधी ने मांगे शादी में खर्च पांच लाख
पुलिस ने इनामी बदमाश आमिर पुत्र शेरा उर्फ शेर मोहम्मद निवासी सुखदेव नगर, सौंख रोड़ थाना कोतवाली और मौसिम पुत्र अब्दुल जब्बार निवासी महेंद्र नगर, मंडी चौराहा थाना हाइवे जिला मथुरा को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश आमिर के कब्जे से तमंचा, कारतूस, एक जोड़ी पायल, एक मोबाइल फोन व मौसिम के कब्जे से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं।
यह भी पढ़ेंः- गांव-गांव घूमीं डिंपल यादव: हादसा और हत्या में जान गंवाने वालों के परिजन से मिलीं, हर संभव मदद का दिया भरोसा
इसके अलावा इन दोनों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट लगी बरामद की है। आमिर पर थाना गोविंद नगर में तीन, रिफाइनरी में एक और वृंदावन में एक सहित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मौसिम पर थाना गोविंद नगर और कोतवाली में एक-एक और जैंत थाने में तीन सहित पांच मामले दर्ज हैं।