भरतपुर। भरतपुर पुलिस ने पपला गैंग के दो गुर्गों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी विक्रम उर्फ लादेन गैंग से बदला लेने के लिए उत्तर प्रदेश की तरफ से हथियार खरीद कर ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 5 अवैध कट्टा बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 11 दिसंबर की रात को सूचना मिलने पर डीग-कामां रोड पर नाकाबंदी कराई गई। इस दौरान एक बाइक पर दो व्यक्ति उत्तर प्रदेश की तरफ से आते नजर आए तो पुलिस को देख कर दोनों भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
आरोपियों ने अपने नाम अलवर के बहरोड़ के मौसमपुर कांकरा निवासी गोपीचंद और बहरोड़ के जैनपुर वास का तुलसीराम बताए गए हैं। एसपी ने बताया कि दोनों पपला गैंग के सदस्य हैं। आरोपियों के पास से 312 बोर के 5 अवैध कट्टा बरामद किए हैं। आरोपियों ने बताया कि हथियार अपने गुरु जसराम गुर्जर सरपंच की मौत का बदला लेने के लिए खरीद कर ले जा रहे थे। दोनों आरोपी, विक्रम उर्फ लादेन गैंग से बदला लेना चाहते थे। संवाद