फरह(मथुरा)। थाना फरह के गांव ओल में मकान की बीम खड़ा कराते समय यह हाईटेंशन लाइन से छू गई। इस घटना में पांच मजदूर झुलस गए। इनमें से दो की मौत हो गई। एक मजदूर ओल और दूसरा भरतपुर का निवासी था।
थाना फरह के गांव ओल में चौकीपुरा रोड पर किरारई में महावीर शर्मा के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य का ठेका महावीर ने मुकेश ठेकेदार को दे रखा है। ठेकेदार मंगलवार को मकान में बीम खड़ा करवा रहा था। शाम चार बजे हाईटेंशन तार से बीम छू जाने से करंट आ गया और 5 मजदूर झुलस गए। तत्काल सभी को भरतपुर ले जाया गया।
यहां अर्जुन , मुकेश, महावीर, सुरेंद्र , यादराम का डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान यादराम (35) निवासी सांतरुक, थाना-कुम्हेर, जिला भरतपुर व सुरेंद्र (50) निवासी ओल की मौत हो गई। ओल चौकी इंचार्ज ने बताया कि चौकी पुरा रोड पर करंट से पांच मजदूरों के झुलसने की सूचना मिली थी। इन्हें भरतपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उपचार के दौरान दो की मौत हो गई।