चौमुहां (मथुरा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित जैत कट पर मंगलवार तड़के डिलीवरी कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी बस में टक्कर मार दी। दुर्घटना में करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से सात श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, हाईवे पर हादसे के बाद वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के जिला सागर, धार और इंदौर से श्रद्धालुओं का दल मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंचा था। यहां से सभी लोग निजी बस संख्या यूपी 85 एटी 8246 में सवार होकर वृंदावन स्थित अखंडानंद आश्रम में भागवत कथा के आयोजन में शामिल होने जा रहे थे। बस तड़के 3:40 बजे बस जैत कट से आश्रम की ओर मुड़ रही थी, तभी दिल्ली से आगरा की ओर जा रहे डिलीवरी कंटेनर ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सवारियों में चीखपुकार मच गई। सूचना पर थानाध्यक्ष जैत सोनू कुमार और चौकी प्रभारी सनसिटी एसआई दुष्यंत कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कंटेनर को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों में सात लोगों की स्थिति नाजुक है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
हादसे में ये लोग हुए घायल
घायलों में जिला सागर निवासी संजीत अग्रवाल (65), थाना कोतवाली जिला सागर एमपी निवासी रितू (46), ममता (48), राज किशोर अग्रवाल (43), जिला धार, मऊ निवासी अनिल अग्रवाल (26), दिलीप अग्रवाल (60), ज्योति अग्रवाल (49), ममता अग्रवाल (67), पिंकी (29), ओमप्रकाश (37), कार्तिक (25), दिवांश शर्मा (19) सुदेश (62), आलोक (44), शिव शक्ति नगर, इंदौर निवासी श्वेता (50), जिला धार मऊ निवासी सुधा (55), निधि (48), शांतनू बंसल (35), अनीता (62), सागर जिला निवासी दिवांश (16), इंदौर निवासी मनीष गर्ग (35), 2847 सेक्टर ई सुदामा नगर इंदौर निवासी संगीता (45), शैलेन्द्र गुप्ता (35), रामबाग इंदौर निवासी शरद गुप्ता (45), अंजू बंसल (55) आदि हैं। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी आई हैं।