मथुरा। 60वीं राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ के ट्रायल 27 दिसंबर की दोपहर 12 बजे से केआर डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में होंगे। चयनित खिलाड़ी 4 जनवरी 2026 को झांसी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि चयन ट्रायल अंडर-20, अंडर-18 एवं अंडर-16 में ओपन होंगे। प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में होगी। ओपन वर्ग में पुरुष एवं महिला धावकों के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ भी होगी। पुरुष अंडर-18 वर्ग की 8 किलोमीटर, बालक अंडर 16 वर्ग की 2 किलोमीटर, महिला अंडर-20 वर्ग की 6 किलोमीटर, महिला अंडर-18 वर्ग की 4 किलोमीटर, बालिका अंडर-16 वर्ग की 2 किलोमीटर की दौड़ होगी।
ट्रायल में भाग लेने वाले अंडर-20 वर्ग के लिए जन्म तिथि 25 जनवरी 2006 से 24 जनवरी 2008, अंडर-18 वर्ग के लिए 25 जनवरी 2008 से 24 जनवरी 2010 तथा अंडर-16 वर्ग के लिए 25 जनवरी 2010 से 24 जनवरी 2012 के मध्य होना अनिवार्य है। जबकि खिलाड़ी की न्यूनतम आयु 14 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। चयनित खिलाड़ी 4 जनवरी को झांसी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। सभी प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी एवं जन्म प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी लाना अनिवार्य होगा।