वैजयंती आश्रम परिसर में लगाए ट्री-गार्ड।
वृंदावन। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा लगाए गए अशोक के पौधे को मंगलवार को ट्री-गार्ड लगाकर सुरक्षित कर दिया गया है। पौधरोपण के अगले ही दिन बंदरों ने पौधे को नुकसान पहुंचा दिया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पूर्व राष्ट्रपति सहित अन्य ने रविवार को वैजयंती आश्रम में पौधरोपण किया था। आश्रम के देवेश कुमार ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति द्वारा पौधरोपण किए जाने के दिन ही पौधों पर ट्री गार्ड लगा दिए गए थे। उस समय ट्री गार्ड के नीचे जमीन को सीमेंट से पक्का नहीं किया गया था। इसके कारण बंदरों ने इन ट्री गार्ड को उखाड़ दिया था। ट्री गार्ड के चोरी होने की आशंका के चलते उन्हें आश्रम परिसर में सुरक्षित रखवा दिया गया था। मंगलवार को मजदूर बुलाकर सभी पौधों को ठीक कराकर उनकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड को लगवाया गया है। आश्रम प्रबंधन ने बताया कि इन पौधों को नियमित रूप से पानी देने के साथ देखभाल भी की जाएगी ताकि वे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।