दीपावली पर तीन दिन बैंकों की छुट्टी रहने से शहर के ज्यादातर एटीएम खाली हो गए। चेक आदि भी अटके रहे। इसके चलते बैंकों में 50 करोड़ से अधिक का कारोबार रुक गया है।
त्योहार पर कपड़े, मिठाई, सजावट का सामान, उपहार, वाहन आदि खरीदने के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ती रही। बैंक बंद होने के कारण लोगों को पहले से जुटाई गई रकम से ही काम चलाना पड़ा। लोगों ने एटीएम का सहारा लिया, लेकिन मंगलवार तक ज्यादातर एटीएम से पैसे खत्म हो गए।
दूसरी ओर तीन दिन बैंक बंद रहने से 50 करोड़ से अधिक के चेक बैंकों में क्लीयरिंग के लिए अटके रहे। बैंक खाताधारक बार-बार मोबाइल में बैलेंस आने और चेक क्लीयर होने के मैसेज का इंतजार करते रहे। ज्यादातर कंपनियों ने अक्तूबर माह का वेतन और बोनस का भुगतान दीपावली पर कर देने का वादा किया, लेकिन ज्यादातर लोगों के चेक क्लीयरिंग में ही अटके रहे।