मथुरा। गर्मी की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में भीड़ देखने को मिल रही है। खासतौर पर दक्षिण भारत और जम्मू जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। आरक्षण खुलते ही कुछ ही मिनटों में सीटें भर रही हैं। तत्काल कोटा भी महज 10 मिनट में फुल हो रहा है।
रेलवे के नियमों के अनुसार यात्री अब यात्रा तिथि से 60 दिन पहले तक आरक्षण करा सकते हैं। इसके बावजूद लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग तेजी से बढ़ रही है। मथुरा जंक्शन से गुजरने वाली दक्षिण भारत व जम्मू की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में जून माह तक अधिकांश सीटें बुक हो चुकी हैं। कई लोग एजेंटों के माध्यम से टिकट करा रहे हैं, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम के मुताबिक यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने और विशेष ट्रेनों के संचालन पर विचार किया जा रहा है। संवाद
शकूर बस्ती पलवल का जंक्शन तक विस्तार
मथुरा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने 5 मई मंगलवार (आज) से शकूरबस्ती पलवल ट्रेन को 31 जुलाई तक मथुरा जंक्शन तक के लिए विस्तारित कर दिया है। यह ट्रेन दोपहर 2.45 बजे शकूर बस्ती से चलकर शाम 7.15 बजे जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव कोसी से मथुरा के बीच पड़ने वाले सभी छोटे रेलवे स्टेशनों पर होगा। वहीं नई दिल्ली, पलवल, गाजियाबाद ट्रेन को कोसीकलां रेलवे स्टेशन तक विस्तारित कर दिया गया है। पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि शकूर बस्ती पलवल ट्रेन को मथुरा जंक्शन व नई दिल्ली, पलवल, गाजियाबाद ट्रेन को कोसीकलां रेलवे स्टेशन तक विस्तार दिया गया है।