जवाहर बाग कांड का ट्रायल अक्तूबर से शुरू होगा। आरोपियों की पेशी के बाद अब मामला जनपद न्यायाधीश की अदालत में पहुंच गया है। सुनवाई के लिए 19 अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की गई है।
देश और प्रदेश की सियासत में भूचाल मचा देने वाली जवाहर बाग हिंसा में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
पुलिस ने 101 लोगों को मुल्जिम बनाया था। जिसमें एक की उम्र कम होने के कारण उनसे संबंधित केस डायरी और कोर्ट फाइल किशोर न्याय बोर्ड को भेज दी गई है। अदालत ने चार्जशीट पर 19 सितंबर को सुनवाई की।
सोमवार को जवाहर बाग हिंसा के सभी आरोपी सीजेएम अल्पना शर्मा की कोर्ट में पेश हुए। सभी को चार्जशीट की कापी उपलब्ध कराई गई और आरोपों के बारे में बताया गया। सभी 100 आरोपियों पर हत्या करने और अवैध असलाह रखने के आरोप लगे हैं। सुनवाई के बाद सभी आरोपियों की फाइल सत्र न्यायालय में सौंप दी गई है।
अब जिला जज की अदालत में जवाहर बाग कांड का ट्रायल होगा या फिर जनपद न्यायाधीश किसी एडीजे कोर्ट को ट्रांसफर कर सकते हैं। पीओ एसपी पांडेय ने बताया कि इस मुकदमे से जुड़े सभी दस्तावेज जिला जज की अदालत में भेज दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक अब कोई वांछित नहीं
पुलिस ने जो चार्जशीट दाखिल की है उसमें कहा है कि सभी मुल्जिमों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अब कोई भी आरोपी वांछित नहीं है।
जवाहर बाग जांच आयोग के अध्यक्ष आज मथुरा में
राज्य सरकार की ओर से मामले में गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग के अध्यक्ष उच्च न्यायालय इलाहाबाद के पूर्व न्यायाधिपति मिर्जा इम्तियाज मुर्तजा 20 सितंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम पर मथुरा आ रहे हैं। वो 21 सितंबर तक लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में प्रवास करेंगे। यहां शिविर कार्यालय में बैठक, सुनवाई करेंगे। यह जानकारी आयोग के सचिव सेवानिवृत्त जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद कुमार गोयल ने दी।