वृंदावन नगरी को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रस्तावित नो एंट्री ट्रैफिक व्यवस्था के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसमें वृंदावन नगर के करीब एक हजार चौपहिया वाहनों के लिए पास जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एआरटीओ कार्यालय से वृंदावन के पते पर रजिस्टर्ड चौपहिया वाहनों की सूची भी मांगी गई है।
वृंदावन में नो एंट्री व्यवस्था 22 जनवरी की रात से लागू की जानी है। इसके तहत शुक्रवार की रात से रविवार की रात तक नगर में बाहरी चौपहिया वाहनों का जाना प्रतिबंधित रहेगा। व्यवस्था के तहत अब वृंदावन में रहने वाले लोगों को वाहन पास जारी करने के लिए चौपहिया वाहन धारकों से आवेदन मांगे जा रहे हैं।
एसपी ट्रैफिक आशुतोष द्विवेदी ने इस कार्य के लिए यातायात पुलिस के दो एचसीपी को वृंदावन कोतवाली में तैनात किया है। आवेदनकर्ता को अपने साथ वाहन के प्रकार, स्थानीय निवास के पते संबंधी कागजात की प्रतिलिपि के साथ आवेदन करना होगा।
आवेदनों का एआरटीओ से प्राप्त सूची से मिलान करने के बाद ही वाहन पास जारी किए जाएंगे। एआरटीओ के अनुसार वृंदावन में कुल 752 कारें, 80 गाड़ी विंगर टैक्सी, वातानुकूलित 52 टेंपो ट्रेवलर की और बिना एसी वाली 163 गाड़ियां हैं। ज्यादातर गाड़ियां होटलों से संबद्ध हैं।
उच्च क्वालिटी के मोनोग्राम वाले होंगे वाहन पास
वृंदावन में चौपहिया वाहन धारकों को वाहन पास एमवीडीए की ओर से जारी किए जाएंगे। गाड़ी के सीसे पर चिपकाए जाने वाले वाहन पास के लिए एमवीडीए का चिह्न लगे विशेष मोनोग्राम वाले पास जारी होंगे। इनकी नकल कर दूसरा मोनोग्राम नहीं बनाया जा सकेगा।