कोसीकलां। दवा विक्रेता से हरियाणा पुलिस द्वारा दो लाख रुपये की चौथ मांगने के मामले ने तूल पकड लिया है। मंगलवार को व्यापारी मामले को लेकर लामबंद हो गए। बैठक कर आक्रोश जताया। पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की। चेतावनी है कि अगर केस दर्ज नहीं किया तो उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ेगा।
दो दिन पूर्व घंटाघर स्थित सिटी केमिस्ट की दुकान पर हरियाणा के हथीन के पुलिसकर्मी सादा वर्दी में पहुंचे। व्यापारी को धमकाते हुए उस पर नशीली दवाओं का कारोबार करने का आरोप लगाया। मामले को सुलझाने के लिए अपना नंबर देते हुए दो लाख रुपये की मांग की। जानकारी पर नगर के व्यापारी एकत्रित हो गए। उन्होंने थाने में चौथ मांगने वालों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस पर आक्रोशित व्यापारी मंगलवार को अग्रवाल धर्मशाला में एकत्रित हुए। बैठक में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। कहा कि अगर केस दर्ज नहीं किया तो व्यापारी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। जिसमें हरियाणा के पुलिस कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग की। इस दौरान जगदीश प्रसाद, अंकित मालविया, मनीष, सतवीर सांगवान, गोविंद शरण अग्रवाल, संजय सिरोलिया, पिंटू तिवारी, नवीन, लोकेश दीघोटिया, अंकित खंडेलवाल, मुकेश अग्रवाल, मनोज आदि व्यापारी मौजूद रहे।