नववर्ष 2017 के आगमन को लेकर धर्मनगरी में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बीती आठ नवंबर को नोटबंदी के बाद मंदी की मार झेल रहे पर्यटन कारोबार में अचानक उछाल आया है। हालात ऐसे हैं कि बीते करीब डेढ़ माह से खाली पड़े वृंदावन के अधिकांश होटल और गेस्टहाउस फुल हैं।
ठाकुरजी के श्रीचरणों में नववर्ष मनाने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं ने होटल और गेस्टहाउस में कमरे सप्ताह भर पहले ही बुक करा दिए हैं। कुछ के 30-31 दिसंबर तक बुक हो जाने की संभावना है।
रमणरेती मार्ग पर बालाजी गेस्टहाउस के व्यवस्थापक ऋषभ उपाध्याय ने बताया कि 70 कमरे पहले ही बुक हैं। वहीं राधा सेवा ट्रस्ट के 90 में से 85 कमरे पहले ही बुक कर दिए गए हैं। मीरा मगन रेजिडेंसी के एमडी ठाकुर राम राजपूत ने बताया कि उनके गेस्ट हाउस के सभी 12 कमरे 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक के लिए बुक हैं। यही हाल नगर के अन्य गेस्टहाउस का है।
होटलों में स्वैप मशीन
आठ नवंबर से 500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद से लोग लगातार कैश की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में नगर के होटल संचालकों ने भी स्वैप मशीन लगवा ली हैं। शुभम् ग्रुप के चेयरमैन राधाकृष्ण पाठक और देव रेजिडेंसी के मैनेजर तपेश ने बताया कि कैश की कमी के कारण होटल व्यवसाय पर असर पड़ रहा था। इसे देखते हुए स्वैप मशीन लगवाई गई है। कई होटल और गेस्टहाउस में पेटीएम का प्रयोग हो रहा है।
संकीर्तन में पहुंचे श्रद्धालु
वर्ष की समाप्ति पर नगर के मंदिरों में ठाकुरजी के दर्शन के लिए भक्तों का आना शुरू हो गया है। नगर के इस्कॉन मंदिर में सुबह होने वाले संकीर्तन में सहभागिता करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन पर नृत्य भी किया।