मथुरा। सनातन एकता का संदेश लेकर निकलने वाली पदयात्रा का शंखनाद हो गया है। बुधवार को बागेश्वर धाम सरकार के महंत पं. धीरेंद्र शास्त्री मथुरा में रहेंगे। पदयात्रा में शामिल होने के लिए वे सामाजिक संगठनों के लोगों को अक्षत का वितरण करेंगे। इस आयोजन को ब्रजवासी अक्षत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं।
कार्यक्रम गोवर्धन रोड स्थित श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के प्रांगण में आयोजित होगा। जिसमें 3 से 4 हजार लोगों की भीड़ जुटने की संभावना हैं। आयोजकों ने एंट्री पास जारी किए हैं।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री सात से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक सनातन एकता पदयात्रा निकाल रहे हैं। इसी तारतम्य में ब्रज तीर्थ देवालय न्यास और ब्रज सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में बुधवार को अक्षत महोत्सव का आयोजन होगा। ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के अध्यक्ष रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि पं. धीरेंद्र शास्त्री बुधवार को दोपहर तीन बजे आएंगे और शाम छह बजे तक आयोजन स्थल पर ठहरेंगे।
न्यास के संरक्षक आचार्य मृदुल कांत शास्त्री और महामंत्री आरके पांडे ने बताया कि आयोजन में जिले के 543 ग्राम प्रधान, सामाजिक संस्थाओं और जातिगत संगठनों के प्रतिनिधियों को अक्षत महोत्सव में आमंत्रित किया गया है। उन्हें धीरेंद्र शास्त्री अपने हाथों से पीले अक्षत, सुपारी तथा यात्रा के आमंत्रण पत्रक प्रदान करेंगे। व्यवस्थापक सुमंत कृष्ण शास्त्री और बृज सेवा फाउंडेशन के राहुल बंसल ने बताया कि आयोजन में केवल पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा। बिना पास किसी को एंट्री नहीं दी जाएगी। मीडिया प्रभारी आशीष गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में प्रमुख संत-महात्मा, भागवताचार्य, तीर्थ पुरोहित, रासाचार्य समेत सामाजिक संस्थाओं के लोग मौजूद रहेंगे।