भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व आज मनाया जाएगा। शुक्रवार को बहनों ने इस खास मौके के लिए बाजारों में खरीददारी की। अपनी पसंद के अनुसार भाइयों की कलाई सजाने के लिए राखियां खरीदीं। इस दौरान बाजारों में भी विशेष तैयारियां थीं। भाई भी बहन के लिए सरप्राइज गिफ्ट खोजते दिखे।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले मिठाई, कपड़े और गिफ्ट एंपोरियम पर ग्राहकों की भीड़ रही। बहिनों ने भाईयों की कलाई सजाने के लिए राखियां खरीदने के साथ उनके मनपंसद की मिठाई भी खरीदी। इधर भाई इस उधेड़बुन में थे कि बहनों को क्या गिफ्ट दिया जाए। किसी ने शोपीस तो कोई कपड़े आदि खरीदता नजर आया। ये सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
मेंहदी लगवाने की रही होड़
रक्षाबंधन के त्यौहार पर बहनों ने सजने संवरने में भी कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी। बाजार में मेंहदी लगवाने की होड़ मच गई तो ब्यूटी पार्लर पर भी महिलाओं और युवतियों की कतार रही।
भद्रा का रखें ध्यान
भाई और बहन के स्नेह का त्यौहार रक्षाबंधन पर्व भद्रा में मनाया जाएगा। आज दोपहर एक बजकर 51 मिनट तक भद्रा है। ज्योतिषों का कहना है कि बहनें भद्रा के बाद ही भाईयों की कलाई पर राखी बांधें। इसी के बाद श्रेष्ठ फल अर्जित होगा।
स्कूलों में भी हुए आयोजन
मथुरा। विद्यालयों में शुक्रवार को छुट्टी से पहले रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। छात्राओं ने साथी छात्रों को राखी बांधकर उनसे अपनी रक्षा का वचन लिया। कई विद्यालयों में राखी बनाओ प्रतियोगिता भी हुई।
केडी पब्लिक स्कूल नीमगांव रोड में पूनम, प्रिया, हिमांशी, ललतेश, मोनिका, प्रिया, चित्रा आदि अच्छी राखियां बनाईं। प्रधानाचार्य होशियार सिंह ने बच्चों को बधाई दी। श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर में छात्राओं ने छात्रों को राखी बांधी। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा, प्रबंध समिति के गिरीशचंद्र सर्राफ और ओमप्रकाश बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया था। बालकृष्ण, प्रदीप मिश्रा, डॉ. राकेश चतुर्वेदी समेत अन्य उपस्थित रहे।
मां भगवती विद्या मंदिर में राखी बनाओ प्रतियोगिता में कुमारी युग्लेश प्रथम, काजल द्वितीय और हिना तृतीय रहीं। इस दौरान स्कूल संस्थापक बलवीर सिंह, प्रबंधक राजीव सिंह, प्रधानाध्यापिका रेखा रानी आदि उपस्थित रहे। सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर में रक्षाबंधन पर्व पर मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें छात्राओं के साथ महिला आचार्यों ने भी प्रतिभाग किया। छात्राओं में कामिनी चौधरी, स्नेहा प्रजापति, वंशिका श्रीवास्तव प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहीं। अध्यापिकाओं में पारुल गुप्ता प्रथम, प्रीति अरोड़ा द्वितीय और अनुभूति तृतीय स्थान पर रहीं।
कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में राखी बनाओ और मेहंदी प्रतियोगिता हुई। छात्राओं ने स्कूल प्रबंधक, प्राचार्य और शिक्षकों को स्वनिर्मित राखियां बांधीं। मिठाई और चाकलेट का वितरण किया गया। इस दौरान संपूर्ण कान्हा माखन परिवार उपस्थित रहा। फादर बीके मेमोरियल पब्लिक स्कूल में छात्राओं ने स्वयं राखियां बनाकर छात्रों को बांधी। विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के बारे में बताया। इस दौरान मोहिनी चतुर्वेदी, उजमा सिद्दीकी, अल फरहान, नम्रता समेत अन्य उपस्थित रहे।
अमरनाथ में अनुपयोगी सामग्री से बनाई राखियां
मथुरा। अमरनाथ विद्या आश्रम सीनियर सेकेंड्री स्कूल में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री का प्रयोग कर सुंदर राखियों बर्नाइं।
प्रधानाचार्य डा. आदित्य कुमार वाजपेयी ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस सोच और कलात्मकता के साथ अनुपयोगी सामग्री से राखियों का निर्माण किया है, वह सराहनीय है। डा. अरुण कुमार और डा. अनुराग वाजपेयी ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी।
पूर्व वरिष्ठ शिक्षिका ने रक्षाबंधन से जुड़ी लोककथाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इस दौरान 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने राखी निर्माण प्रतियोगिता में भाग लिया। बालिकाओं ने बालकों को राखी बांध कर सभी को भाई-बहन के प्रेम का संदेश दिया। इस अवसर पर सुनील तिवारी, अनुराग शर्मा, रेखा अदलक्खा, नमिता अरोड़ा सहित अन्य शिक्षकों ने उत्साहवर्धन किया।