जनपद से सटी राजस्थान और हरियाणा बार्डर की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वाले पर निगाह रखी जा रही है। तेइस टीमों को लगाया गया है। बीस उड़नदस्ते भी तैनात कर दिए गए हैं।
मथुरा जनपद की सीमा हरियाणा और राजस्थान बार्डर से सटी हुई है। कोसीकलां बिलकुल हरियाणा से लगा हुआ है। वहीं जाजनपट्टी, गोवर्धन डीग, बरसाना-कामा, ओल, पूंछरी का लोठा और बछगांव राजस्थान बार्डर से लगे हुए हैं। चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने इन सभी इलाकों को चौकस कर दिया है। सभी जगह बैरियर लगाए जा रहे हैं। उड़नदस्ते भी यहां तैनात रहेंगे। हर आने-जाने वाले पर निगाह रखी जाएगी। गाड़ियों की चेकिंग की जाएगी।
एसएसपी मोहित गुप्ता ने शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग में कहा कि हर बैरियर पर चौबीस घंटे ड्यूटी चलेगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसी को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाए। अगर कोई रकम लेकर जा रहा है और रिकार्ड नहीं दिखाता तो पूरी चेकिंग होनी चाहिए। दस्तावेज देखे जाएं। हर बैरियर पर पुलिस वालों के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। कुछ टीमें मोबाइल रहेंगी। जहां से भी सूचना मिलेगी इन टीमों को तत्काल वहां भेजा जाएगा। अफसरों से कहा गया कि आचार संहिता का पालन कड़ाई के साथ कराया जाए। बगैर अनुमति में कहीं भी कोई सभा या आयोजन होना नहीं चाहिए।