रेलवे की संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य पकड़े
कोसीकलां। आरपीएफ की टीम ने मंगलवार देर शाम रेलवे की संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को घेराबंदी कर पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से से 36 प्लेट जोगल और बाइक रिक्शा बरामद हुआ है।
गिरोह ने कोसीकंला-होड़ल के मध्य किलोमीटर 1448/10 से किलोमीटर 1449/14 के मध्य अप व डाउन लाइन से 18 जोड़ी (36नग) जोगल पट्टी चोरी की थी। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक गिर्राज प्रसाद मीणा ने बताया कि चोरी के बाद से वहां पर गश्त बढ़ा दी गई थी।
मंगलवार शाम को चमेली वन होडल के समीप से चोरी की गईं 36 नग जोगल प्लेटों को एक बाइक रिक्शा में ले जाते हुए राजवीर उर्फ रघुवीर निवासी श्याम कालोनी, हसनपुर, पलवल, रामेंद्र निवासी गांव लोहवन, जमुनापार, मथुरा, अमर सिंह निवासी मच्छी मोहल्ला, हसनपुर, पलवल को पकड़ लिया।
आरोपी प्लेटों को कहीं बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई प्रदीप कुमार, कास्टेबिल गजेंद्र सिंह, निरंजन सिंह, शहजाद खान, मनोज कुमार, क्राइम विंग आगरा के अजयपाल सिंह मीना, संदीप नगाइच आदि थे।
ट्रेनों पर पत्थर फेंकने के आरोप में दो पकड़े
कोसीकलां। प्रभारी निरीक्षक गिर्राज प्रसाद मीणा ने बताया कि तेजस राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के आरोप में रोहित उर्फ बोना निवासी- घड़ी मोहल्ला, होडल, पलवल एवं ई-बीसीएन इंजन पर पत्थर फेंकने के मामले में खिलौनी उर्फ खिल्लू निवासी आदर्श कॉलोनी होडल को पकड़कर चालान किया गया है। संवाद
दो मोबाइल चोर गिरफ्तारमथुरा। रेल यात्रियों के मोबाइल फोन चुराने वाले दो युवकों को जीआरपी टीम ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष जीआरपी संदीप तोमर ने बताया कि चेकिंग टीम ने प्लेटफार्म संख्या दो से यात्रियों का सामान चोरी करने वाले दो शातिरों को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से यात्रियों से चोरी किया गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। आरोपियों के नाम दुर्गेश कुमार निवासी सुखदेव नगर सौंख रोड और संतोष कुमार निवासी आस्तीकन जनपद अयोध्या बताया। आरोपियों ने बताया है कि वो टिकट लेकर दिल्ली से ट्रेन में सफर करते थे। फोन पर एक दूसरे के संपर्क में रहते थे। जिस भी डिब्बे में रेलयात्री सोता मिलता था। दोनों आरोपी उसका मोबाइल और सामान चोरी कर लेते थे। संवाद
जंक्शन पर मिला बुजुर्ग का शव
मथुरा। जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 65 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला है। मृत शख्स की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी थाना प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बुजुर्ग की मौत कैसे हुई। इस बात की सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो पाएगी। संवाद