फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: मासूमों को जकड़ रही सर्दी, स्कूलों में घटी उपस्थित

विज्ञापन
विज्ञापन
मथुरा/बलदेव/राया। सुबह स्कूल जाते वक्त ठंड से मासूम बीमार हो रहे हैं। नतीजतन जिला अस्पताल के बाल रोग विभाग में 50 से अधिक ठंड से प्रभावित बच्चे पहुंच रहे हैं। वहीं सुबह की ठंड के चलते स्कूलों में अभी भी उपस्थिति पहले की तुलना में काफी कम है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार व बृहस्पतिवार को बारिश की संभावना है।
विज्ञापन


जिले में मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और यमुना एक्सप्रेस वे पर धीमी गति से वाहन चले। सुबह टहलने निकले लोग भी जल्दी ही अपने घरों को लौट आए और वापस आकर रूम हीटर, अलाव अथवा अंगीठी का सहारा लिया। कोहरे और सर्दी के कारण बच्चे भी कांपते हुए स्कूल पहुंचे।

पुराने बस स्टैंड निवासी अमित ने बताया कि सुबह ठंड के कारण बच्चों को गर्म कपड़े पहनाए जाते हैं जो कि दिन में धूप निकलने पर बच्चे उतार देते हैं। इससे घर में बच्चों को सर्दी, जुकाम, गले में खराश, बुखार आदि की समस्या हो रही है। जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमन कुमार ने बताया कि सर्द-गर्म मौसम रहने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष एहतियात बरतना जरूरी है। उनके खान-पान पर भी विशेष नजर रखना चाहिए।
विज्ञापन

धूप निकलने पर बच्चों को गर्म कपड़े न उतारने दें। हालांकि इससे उन्हें पसीने आ सकते हैं लेकिन इससे वह बीमार नहीं होंगे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें चिकित्सक को अवश्य दिखाएं। वहीं राया कृषि विज्ञान केंद्र पर न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। केंद्र के शोध सहायक शिवाकर भदौरिया ने बताया बुधवार को बारिश की संभावना है। एक फरवरी तक बारिश के आसार बन रहे हैं। संवाद


कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की रफ्तार, 12 से अधिक ट्रेनें आज भी रहेंगी रद्द
मथुरा। जंक्शन पर चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य और कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी है। आगरा से मथुरा और मथुरा से आगरा जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनें कई घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। अमृतसर एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस, कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन हमसफर एक्सप्रेस, कोलकाता वीकली एक्सप्रेस, योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, ,उज्जैनी एक्सप्रेस, इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस समेत अन्य कई ट्रेनें बुधवार को भी रद्द रहेंगी।


काफी कम बच्चे पहुंच रहे स्कूल
वृंदावन। सुबह के समय जबर्दस्त कोहरा और हाड़ कंपाने वाली ठंड के कारण छोटे बच्चों ने स्कूल से दूरी बना ली है। वृंदावन के लाल बहादुर शास्त्री प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम गुप्ता ने बताया कि स्कूल में कक्षा एक और दो के मात्र पांच बच्चे ही स्कूल पहुंचे। चार और पांच क्लास के 117 बच्चों में से मात्र 30 बच्चे स्कूल पहुंचे। गोविंदी देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक मीनाक्षी ने बताया कि कक्षा छह से आठ तक के कुल 61 बच्चों में से मात्र 10 बच्चे ही स्कूल आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से स्कूल में बच्चे कम संख्या में आ रहे हैं। इसी प्रकार वृंदावन के अन्य पांच प्राथमिक विद्यालयों मेें भी 25 प्रतिशत बच्चे ही स्कूल पहुंच रहे हैं। संवाद




बारिश होने से गेहूं की फसल को मिलेगा फायदा
मथुरा। बारिश के पूर्वानुमान ने किसानों के माथे पर बल ला दिया है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. वाई के शर्मा ने बताया कि लगातार कोहरे के बाद अगर बारिश हो जाती है तो इसका आलू और सरसों की फसल पर बुरा असर पड़ेगा। आलू की फसल तो बारिश के बाद के बाद कुछ हद तक बच सकती है लेकिन सरसों की फसल में बारिश से ज्यादा नुकसान हो जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि अगर बारिश हो जाती है तो आलू की फसल कर चुके किसान किसी भी सूरत में आलू की खुदाई तब तक न करें।

जब तक कि खेत से बारिश का पानी पूरी तरह सूख नहीं जाता। उन्होंने बताया कि बारिश होने से गेहूं और जौ की फसल को फायदा मिलेगा। जिले में किसानों ने 2 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में गेहूं की फसल लगाई है। छाता, गोवर्धन, नंदगांव और चौमुंहा में ज्यादातर किसानों ने गेहूं की खेती की है। किसानों ने 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की फसल लगाई है। फरह क्षेत्र में सबसे ज्यादा किसानों ने सरसों की फसल की है। किसानों ने 18 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में आलू की फसल लगाई है। बलदेव क्षेत्र में सबसे ज्यादा किसानों ने आलू की खेती की है।




खराब हुई आलू की फसल, उठी मुआवजे की मांग




आलू को लगा झुलसा रोगमथुरा। जनपद में दो स्थानों पर किसानों ने आलू की फसल में नुकसान होने की बात आई है। किसान नेताओं ने परेशान किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई है। नगला लोका गांव के किसान अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने एक एकड़ खेत में एक लाख की लागत से आलू की फसल लगाई थी। उनकी फसल धीमे-धीमे कर खराब हो रही है। हथकोली निवासी किसान केदार सिंह सिकरवार ने बताया कि उन्होंने 6 एकड़ खेत में करीब 4 लाख की लागत से आलू की फसल लगाई थी। कोहरे के कारण फसल का बड़ा हिस्सा रोग लगने की वजह से खराब हो गया है। सुबोध ( एसडीओ कृषि विभाग) ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मौके पर जाकर जांच की जाएगी। जिन किसानों का नुकसान होगा। उनकी नियमानुसार मदद की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें