उत्तर प्रदेश के मथुरा में 20 साल पहले मयूर विहार स्थित रघुनाथ हॉस्पिटल के बाहर तीन युवकों ने पुलिस गनर सहित एक अन्य कांस्टेबल की पिटाई की थी। घटना में घायल गनर की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। इस मामले में एससी-एसटी एक्ट के विशेष न्यायाधीश हरेंद्र प्रसाद ने तीनों अभियुक्तों को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 18-18 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
पुलिस लाइन में निवासरत कांस्टेबल दीपक पुत्र श्रीकृष्ण और साथी गनर कांता प्रसाद सात फरवरी 2003 को रघुनाथ हॉस्पिटल में भर्ती मित्र से मिलने गए। यहां हॉस्पिटल के बाहर दोनों की तीन लोगों ने पिटाई की। दोनों पुलिसकर्मी जख्मी हुए। इसमें कांता प्रसाद की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। साथी दीपक ने इस घटना में शिव सिंह निवासी फरह, धीरज निवासी धौलीप्याऊ, लाखन सिंह निवासी थाना फरह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई।
यह भी पढ़ेंः- चंबल का एक थाना ऐसा भी: बदमाशों से नहीं, बिच्छुओं से खौफजदा हैं पुलिसकर्मी, वर्दी तो कभी जूते में घुसकर काटते
सुनवाई की लंबी प्रक्रिया के बाद शनिवार को एससी-एसटी एक्ट के विशेष न्यायाधीश हरेंद्र प्रसाद ने तीनों अभियुक्तों को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस मामले में विशेष लोक अभियोजन रहे सुरेश प्रसाद शर्मा ने बताया कि अर्थदंड की राशि का 50 प्रतिशत मृतक के परिजन को दिया जाएगा।