बरसाना(मथुरा)। लठामार होली मेला क्षेत्र में थल से नभ तक तक पैनी नजर रहेगी। इसके लिए मेला का सुरक्षा चक्र पुलिस ने तैयार कर लिया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर गुंडा दमन दल की भी पैनी नजर रहेगी। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह व डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने पुलिसकर्मियों को सीख दी कि श्रद्धालुओं के साथ शालीनता से पेश आएं। पूरी मुस्तैदी के साथ डयूटी करें। जो पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नदारद रहेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को लठामार होली मेले कस्बे के श्रीराधाबिहारी इंटर कॉलेज में ब्रीफिंग के दौरान डीआईजी ने बताया कि बरसाना को 7 जोन व 18 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में एडिशनल एसपी व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रत्येक सेक्टर में सीओ व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। मेला क्षेत्र में दो सौ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 9 वाच टाॅवर बनाए गए है।
पांच ड्रोन कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रहेगी। 9 एडिशनल एसपी, 23 सीओ, 110 एसएचओ, 500एसआई, 1400 कांस्टेबल, 300 हेड कांस्टेबल, महिला एसआई 70, महिला सिपाही 190, टीआई 3, ट्रैफिक पुलिस एसआई 40, ट्रैफिक हेड कांस्टेबल 170, होमगार्ड 600, 5 कंपनी पीएसी, 2 प्लाटून फ्लड पीएसी के साथ घुड़सवारों, गोताखोरों एवं फायर की तीन गाड़ी के साथ मोबाइल फायर सर्विस को तैनात किया गया है।
राधा की नगरी में धर्मशाला व गेस्टहाउस फुल
होली मेले में भाग लेने के लिए सबसे ज्यादा पंजाब ,हरियाणा व दिल्ली के श्रद्धालु आते हैं। ये श्रद्धालु दो माह पहले से ही धर्मशाला व गेस्टहाउसों को बुक करा लेते हैं। इस समय कस्बे के सभी धर्मशालाएं व गेस्टहाउस बुक हो चुकें हैं। ऐसे में बिना बुकिंग कराए आने वाले श्रद्धालुओं को खुले में ठहरना होगा।
रंगोत्सव के रंग में मिठास घोलेंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
तीर्थ विकास परिषद द्वारा राधा बिहारी इंटर काॅलेज के ग्राउंड पर आयोजित रंगोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ब्रज संस्कृति की मिठास घोलेंगी। मेला क्षेत्र में भी अनेकों स्थान पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। देश दुनिया के कलाकार अपनी कला की प्रस्तुति देंगे। वहीं कस्बे व परिक्रमा मार्ग भजन गायक अपनी प्रस्तुति से होली की मस्ती में मिठास घोलेंगे।