सास से झगड़ा करने के बाद विवाहिता ने घर छोड़ दिया। वो मथुरा रेलवे स्टेशन पर डरी और सहमी हालत में घूमती नजर आई। आरपीएप की महिला सिपाही ने उससे पूछताछ की, तो पूरी जानकारी हो सकी।
मथुरा आरपीएफ ने ऑपरेशन डिग्निटी के तहत महिला को तलाश कर उसे परिजनों को सौंप दिया। सोमवार रात को आरपीएफ थाने की महिला सिपाही पिंकी को प्लेटफार्म संख्या एक पर एक महिला डरी हालत में यहां घूमती मिली।
विज्ञापन
महिला सिपाही ने जब उससे बात की तो उसने बताया कि उसकी सास से उसका झगड़ा हो गया तो वह घर से चली आई। महिला ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के सागर जिले की रहने वाली है। उसने अपने पति का नंबर मिलाकर महिला सिपाही को दिया। महिला सिपाही उसे थाने लेकर पहुंची।
आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने महिला के परिजन से फोन पर बात की। मंगलवार को महिला के परिजन आरपीएफ थाने पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक ने दोनों को समझा बुझा कर महिला को उनके साथ भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला 4 माह की गर्भवती थी। महिला को लेने के लिए उसकी सास व पति आए थे।