मथुरा। बोर्ड परीक्षाओं को शुरू होने में एक माह का भी समय शेष नहीं है। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी तैयारियों में जुटे हुए हैं। कोई गणित के सूत्रों में तो कोई वाणिज्य में उलझा है। ऐसे में पिछले वर्ष के मेधावियों से बात की गई तो उन्होेंने एक स्वर में कहा कि सर्वोच्च अंक पाने का कोई अलग से तरीका नहीं है। इसका एक ही मूलमंत्र है, जिसे स्वाध्याय और निरंतर अभ्यास कहते हैं।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा रहीं सानवी अग्रवाल ने पिछले वर्ष 12वीं कक्षा में 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला, प्रदेश में दूसरा और सीबीएसई की सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने बताया कि सवालों का जवाब रटने के बजाय उसकी अवधारणा को समझना जरूरी है। किसी भी टॉपिक में आने वाली मुश्किलों का अपने शिक्षक के सहयोग से समाधान कर सकते हैं। सभी स्कूलों में पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद अब प्री बोर्ड परीक्षा भी खत्म हो चुकी होंगी।
ऐसे में विद्यार्थी नियमित सैंपल पेपर को हल करते रहें। इससे उन्हें अपने वीक प्वाइंट पता चलेंगे, जिसके बाद वे उन पर काम कर सकते हैं। वहीं केआर इंटर कॉलेज में 12वीं के छात्र रहे शिवा पटेल ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया था। उनका कहना है कि शिक्षकों ने जो पढ़ाया है कि विद्यार्थी उसका निरंतर अभ्यास करें। तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करें। पढ़ाई से बचने के लिए बहाने बनाने से बचें। नियमित अभ्यास ही उन्हें सफल होने में मदद करेगा।