रामानंदाचार्य संप्रदाय के जगद्गुरु स्वामी रामनरेशाचार्य महाराज ने केंद्र में नई सरकार बनने के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर कहा कि मोदी सरकार में मंदिर निर्माण की कोई आशा नहीं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर बरसों से लगे ताले को खुलवाने और रामलला के दर्शन भक्तों को कांग्रेस शासन में मिले। अब मंदिर का निर्माण किस सरकार के शासन में होगा, यह देखना अभी बाकी है।
जगद्गुरु मंगलवार को रामानंदीय संप्रदाय प्रवर्तक जगद्गुरु रामानंदाचार्य महाराज के नाम पर नवनिर्मित दिव्य प्रवेश द्वार का उद्घाटन करने आए थे। इस मौके पर पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को मोदी से अच्छा प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में राम मंदिर का कोई हल नहीं निकल पाया और अब मोदी सरकार में भी मंदिर निर्माण की कोई आशा नहीं है। उन्होंने कहा कि बनारस का विकास कोई राजा या नेता नहीं कर पाएगा, यह सांस्कृतिक नगरी है। यहां की धरोहरें, संस्कृति, शिक्षा और सभ्यता ही इसके विकास का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकास की घोषणा अभी तक बनारस में दिखाई नहीं दे रही। वादे तो बहुत किए गए हैं, लेकिन कितने साकार होंगे यह देखने की बात है। जनता बड़ी आशा भरी नजरों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपने मुख्यमंत्री काल में गुजरात में कभी भी धर्म और आध्यात्म को आगे बढ़ाने का कार्य नहीं किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम भी उपस्थित थे।