मथुरा। अलीगढ़ से मथुरा में आकर किराए पर मकान रहते हुए दिन में रेकी करके रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जमुनापार में चोरी की वारदातों को स्वीकार किया है।
सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने मुख्त्यार निवासी मौलाना नगर जमालपुर सिविल लाइन अलीगढ़, संजय मोहल्ला काजी की सराय कस्बा अतरौली अलीगढ़ और प्रदीप जाटव उर्फ प्रदीप लंगड़ा निवासी तुर्कमान गेट हड्डी गोदाम बाई पास चौराहा अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है। यह लक्ष्मीनगर जमुनापार की रोशन बिहार कॉलोनी में रह रहे थे। पुलिस ने इनके पास से तीन हिस्सों में कटी हुई डबल बैरल बंदूक, तमंचा व चोरी का माल बरामद किया है।
इन चोरों ने गायत्री बिहार टॉवर के पास बने घर से मोबाइल, एलईडी और चार जोड़ी पायल चोरी की घटना को कबूल किया है। इसके अलावा जमुना बिहार कॉलोनी के दो मकानों से हुई चोरी की घटनाओं में भी यह लोग शामिल थे। पकड़े गए मुख्तयार ने अपने साथियों के साथ लाइसेंसी बंदूक डबल बैरल को अप्रैल में थाना इगलास क्षेत्र से चोरी की थी। इन चोरों ने मिलकर इगलास क्षेत्र की अन्य घटनाओं में भी संलिप्त होने का खुलासा किया है। सीओ सदर ने बताया कि किशोरी धीमर निवासी हरदासपुर थाना लोधा अलीगढ़ और गजेंद्र जाटव निवासी असवाई थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद फरार हैं। इनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
वारदात बाद बदल देते थे किराए का मकान
एसएचओ महाराज सिंह भाटी ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पुराना स्थान छोड़कर नए स्थल पर कमरा लेते थे। किराए पर मकान देने से पहले पुलिस सत्यापन कराने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि अगर आगे किसी किराएदार का आपराधिक घटना में शामिल होना पाया गया तो मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।