मथुरा। कलेक्ट्रेट में सोमवार रात 5 अधिवक्ताओं के चैंबर के ताले तोड़कर चोरी हो गई। चोर फाइल तथा जरूरी सामान ले गए। ताले तोड़कर की गई चोरी से परेशान अधिवक्ताओं सुरक्षा की मांग की है। उधर, बार एसोसिएशन की ओर से चैंबर की सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी एजेंसी के दो गार्ड नियुक्त कर दिए हैं।
सोमवार की रात रवि यादव, दिनेश अग्रवाल, ललित गोस्वामी, आरआर उपाध्याय व एक अन्य अधिवक्ता के चैंबर के ताले तोड़कर चोरों ने उसमें रखीं फाइल, घड़ी, पंखा आदि चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी अधिवक्ताओं को सुबह चैंबर खोलने पर हुई। इससे अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। उनके द्वारा चोरी की सूचना थाना सदर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन द्वारा भी चेंबर की सुरक्षा के लिए गार्ड नियुक्त करने का फैसला लिया। बार एसोसिएशन के सचिव सत्येंद्र परिहार ने बताया कि सुरक्षा एजेंसी से बात करके कलेक्ट्रेट परिसर के चैंबरों के लिए दो गार्ड नियुक्त किए गए हैं । यह गार्ड रात्रि में चैंबर की सुरक्षा करेंगे। उधर, थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया रात्रि में चैंबर पर विशेष नजर रखी जाएगी।