मथुरा। चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम की शानदार जीत पर शहर के युवा खिलाड़ियों में उत्साह है। उन्हें उम्मीद है कि फाइनल में भी भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम करेगी। सीपी क्रिकेट स्टेडियम समेत अन्य क्रिकेट ग्राउंड पर खिलाड़ी अभ्यास के दौरान टीम इंडिया की जीत की संभावनाओं पर चर्चा करते दिखे।
भारतीय क्रिकेट टीम ने मंगलवार को चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया था। क्रिकेट कोच जगदीश अग्रवाल ने प्लेईंग 11 को लेकर रणनीति पर बात की। बताया कि जिस तरीके से भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को मात दी, इससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा। इसका लाभ फाइनल में मिलेगा और भारतीय टीम चैंपियन बनकर लौटेगी। क्रिकेटर प्रांजल और राहुल चौधरी ने बताया कि पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम रविवार को अच्छा खेलेगी और चैंपियन बनेगी। रविवार को कुछ खिलाड़ियों ने स्टेडियम में अभ्यास के मैच देखने तो किसी घर पर दोस्तों के साथ मैच देखने की तैयारी की है। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि भारत की जीत होती है तो वे आतिशबाजी करेंगे।