वृंदावन के एक मंदिर में सेवा कार्य करने के दौरान युवक ने कई युवतियों को जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। मंगलवार को एक पीड़िता ने पुलिस के सामने पहुंचकर युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने और वीडियो वायरल करने के मामले में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि केसी घाट इलाके के रहने वाले युवक से उसकी मुलाकात बांकेबिहारी मंदिर में एक साल पहले हुई थी। उससे दोस्ती होने पर शादी करने का झांसा दिया और एक साल पहले वह मथुरा के एक होटल में ले गया, जहां उसने अश्लील वीडियो बना ली। आरोपी ने दोबारा बुलाया मगर पीड़िता नहीं गई तो तीन दिन पहले वीडियो वायरल कर दिए। पीड़िता ने बताया कि घटना के समय वह नाबालिग थी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अन्य 7-8 युवतियों के भी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिए हैं। इस मामले में पीड़ित लड़की ने दो दिन पहले बांकेबिहारी पुलिस चौकी में आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच चल रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी युवकों की तलाश जारी है।
500 रुपये बेची जा रही अश्लील वीडियो
समाजसेविका डॉ. लक्ष्मी गौतम ने सोशल मीडिया पर बताया कि नगर की बेटियों और महिलाओं की आरोपी युवक द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की जा रही है। समाज में उनकी बदनामी हो रही है। उन्होंने बताया कि बेटियों की वीडियो को नगर में 500 रुपये लोगों को बेचा जा रहा है। इससे कुछ लोग कमाई कर रहे हैं, जोकि अनुचित है।