मथुरा। बरसाना रोपवे के संचालन के लिए इंतजार बुधवार को भी खत्म नहीं हो सका। आईआईटी रुड़की की टीम ने देर शाम तक अपनी रिपोर्ट नहीं दी। मंगलवार को जांच के दौरान टीम ने 18 फरवरी को हुई घटना का सीन रीक्रिएट किया था। हालांकि इसमें कोई समस्या नहीं हुई थी। ऐसे में जल्द रोपवे संचालन की अनुमति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
18 फरवरी को रोपवे में पॉवर ड्रॉप के चलते ब्रेक फेल हो गए थे। इसके चलते मंदिर से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहीं तीन ट्रालियां स्टेशन से आकर टकरा गईं थीं। यह कमी तो रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी ने दूर करा ली थी, लेकिन संचालन शुरू करने के लिए आईआईटी रुड़की से हरी झंडी मिलने का अब भी इंतजार है।
मंगलवार को बरसाना पहुंची टीम ने 18 फरवरी को हुई घटना का सीन रिक्रिएट किया था। ट्रॉली में वजन रखकर रोपवे का संचालन किया और बीच में पॉवर ड्रॉप किया गया, लेकिन इससे ट्रॉली में तुरंत ब्रेक लग गए। घटना के दौरान ब्रेक न लगने के कारण ही हादसा हुआ था। कई बार आईआईटी रुड़की की टीम ने इसे दोहराया, लेकिन सब ठीक रहा। ऐसे में रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी को जल्द आईआईटी रुड़की की टीम से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। बुधवार को देर शाम तक रिपोर्ट का इंतजार होता रहा, लेकिन कोई रिपोर्ट नहीं आई। रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी के निदेशक अभय राज ने बताया कि अब बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के अनुसार ही रोपवे के संचालन का निर्णय लिया जाएगा।