मथुरा। जिले के गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ग्रामीणों की सहभागिता से ही ब्रज की रज प्लास्टिक मुक्त होगी। पहले चरण में 50 ग्राम पंचायतों में 9 व 13 मई से प्लास्टिक मुक्त-ब्रज की रज अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधानों व सचिवों को निर्देश दिए। साथ ही सभी ने प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की शपथ ली।
पांचजन्य प्रेक्षागृह में डीएम चंद्रप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान जिले के सभी ग्राम प्रधान व सचिव मौजूद रहे। इस दौरान डीएम ने कहा है कि ब्रज में विश्वभर से आए श्रद्धालु ब्रज की रज में परिक्रमा करते हैं। ऐसे में भक्तों को यहां प्लास्टिक व कूड़ा मिलने पर गलत संदेश जाता है। श्रद्धालु तरह-तरह के सवाल उठाने लगते हैं। इसलिए सरकार की मंशानुसार प्लास्टिक मुक्त-ब्रज की रज अभियान चलाने की योजना बनाई है।
उन्होंने कहा कि सभी ग्राम प्रधान और सचिवों से कहा गया है कि वह ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर अभियान में सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्राम पंचायत सदस्य, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करें। डीएम ने सभी प्रधानों व सचिवों से अभियान का लोगो व्हाट्सएप डीपी पर लगाने की अपील की है। इस दौरान सीडीओ मनीष मीना, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
-
ग्रामीणों से 30 रुपये प्रतिमाह स्वच्छता शुल्क वसूला जाएगा
डीएम ने कहा है कि इससे गांव स्वच्छ होगा और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में ब्रज की अच्छी छवि बनेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि प्रत्येक परिवार से 30 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से स्वच्छता शुल्क भी वसूला जाएगा। इसकी जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों को दी गई है। इसके अलावा एकत्रित की गई 5 टन सिंगल यूज प्लास्टिक की गाड़ी को जिलाधिकारी एवं सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रिसाइकिल के लिए नौहझील स्थित पीडब्ल्यूएमयू केंद्र रवाना की गई।
15 जून तक घोषित होंगी प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायतें
डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने कहा है कि यह अभियान प्रथम चरण में 50 ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा। 9 और 13 मई को सभी प्रधान व सचिव ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 15 और 16 मई को दूसरे चरण का अभियान चलाया जाएगा। इसी तरह 15 जून तक सभी 495 ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त घोषित किया जाएगा।
प्रोत्साहन राशि व प्रशस्ति पत्र वितरण हुए
कार्यशाला में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन राशि व प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसमें वर्ष 2024-25 की ग्राम पंचायत तरौली सुमाली, अडींग, कंजौलीघाट, भदावल, महावन बांगर के प्रधानों चेक भेंट किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत कारव, हाथिया एवं नगला काशी में जनसेवा केंद्र से सर्वाधिक ओएसआर जमा करने पर प्रधान को प्रशस्ति पत्र दिया गया। वहीं सीडीओ ने सभी प्रधान व सचिवों से आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प के साथ-साथ जल जीवन मिशन अंतर्गत सभी घरों में कनैक्शन कराने के निर्देश दिए हैं।