छाता। राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी की कोसीकला में आगामी 16 नवंबर को होने वाली विशाल जनसभा को सफल बनाने के लिए शनिवार को छाता कस्बे के ओल्ड जीटी रोड स्थित डाक बंगला में बैठक अयेाजित की गई।
पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह के नेतृत्व और जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह भरंगर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दर्जनों गांव से पधारी गांव की सरदारी ने अपने विचार रखे। सभी ने रालोद के नेताओं को जनसभा में पहुंचकर जी जान से जुटने और पूरी ताकत झोंकने का आश्वासन दिया। पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह ने कहा कि जनता के अंदर भावना प्रकट हो रही है कि बदलाव हो और जनता अब करवट बदलने वाली है। 10 सालों से जनता तंग है।
आगामी 16 नवंबर को होने वाली विशाल जनसभा में किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले छाता शुगर मिल और खाद की किल्लत को लेकर चर्चा होगी। राजपाल सिंह भरंगर ने कहा कि चाहे किसी से मिलना पड़े जयंत चौधरी से कहेंगे कि किसानों के हित में छाता शुगर मिल को चालू कराया जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन भी कोसीकला में होना है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा होगी। इसके लिए मथुरा में छाता विधानसभा को चुना गया है। छाता विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिसौदिया ने कहा कि शुगर मिल को लेकर किसानों ने कई आंदोलन और धरना प्रदर्शन किए, लेकिन आज तक छाता की शुगर मिल नहीं चली। जिला उपाध्यक्ष अशोक सिसोदिया, पूर्व अध्यक्ष छाता चौधरी जगपाल सिंह, जिला महासचिव ठाकुर वीरी सिंह जादौन, जयवीर सिंह एडवोकेट, पंडित जगदीश सुपानिया, कुमार चंद रावत, वीर बहादुर आदि पदाधिकारियों ने जनता से अधिक से अधिक संख्या में 16 नवंबर को कोसीकला में होने वाली विशाल जनसभा में पहुंचने की अपील की। बैठक में अभयपाल, रामहेत जादौन, राधाचरण उर्फ सुखा, त्रिलोकी सभासद, पं. कालीचरण सभासद, मोहन श्याम, राधाचरण ठेकेदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।